State

भोपाल में बिना नंबर की बस से कांग्रेस विधायकों की गिरफ्तारी पर बवाल, कांग्रेस ने उठाए परिवहन विभाग की लापरवाही पर सवाल

भोपाल ।  हाल ही में राजधानी भोपाल की सड़कों पर एक अवैध बस के कारण हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बावजूद मध्यप्रदेश परिवहन विभाग की लापरवाही लगातार सामने आ रही है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने एक गंभीर आरोप लगाते हुए प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।

प्रवक्ता त्रिपाठी ने बताया कि आज कांग्रेस विधायक दल को गिरफ्तार कर राजभवन से जिस बस में ले जाया गया, उस बस पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर ही नहीं था। उन्होंने पूछा कि यदि उस बस से कोई सड़क दुर्घटना हो जाती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता? यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि जन सुरक्षा के साथ सीधा खिलवाड़ भी है।


भोपाल बस हादसे के बाद भी नहीं जागा परिवहन विभाग

त्रिपाठी ने कहा कि कुछ दिन पहले भोपाल में अवैध रूप से संचालित एक बस के कारण हुए हादसे में कई लोगों की जान चली गई थी, लेकिन उस त्रासदी से कोई सबक नहीं लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवहन विभाग आज भी गहरी नींद में सोया हुआ है, और सरकार की लापरवाही से जनता की जान खतरे में डाली जा रही है।

उन्होंने यह भी जोड़ा कि बिना नंबर की बस का उपयोग खुद पुलिस और प्रशासन द्वारा किया जाना इस बात का प्रमाण है कि कानून तोड़ने वाले अब शासन का हिस्सा बन चुके हैं। यह स्थिति मध्यप्रदेश में सड़क सुरक्षा व्यवस्था की बदहाली को दर्शाती है।

कांग्रेस ने की न्यायिक जांच की मांग

कांग्रेस पार्टी ने इस पूरे घटनाक्रम की न्यायिक जांच की मांग करते हुए कहा है कि इस प्रकार की लापरवाही के जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही पार्टी ने यह भी मांग की कि प्रदेशभर में अवैध बस संचालन और बिना फिटनेस व रजिस्ट्रेशन नंबर की गाड़ियों के खिलाफ तुरंत प्रभाव से अभियान चलाया जाए।

Related Articles