
भोपाल। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, भोपाल मान्यवर मनाज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में, और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आरती शर्मा के निर्देशन में राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (NITTTR), श्यामला हिल्स, भोपाल में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन भी किया गया।
विधिक जागरूकता शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में श्री अभय सिंह, जिला विधिक सहायता अधिकारी और श्री सुधीर दुबे, पैनल अधिवक्ता भोपाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक सी.सी. त्रिपाठी, प्रोफेसर रविंद्र कुमार गुप्ता, सेवानिवृत्त मेजर निशांत कुमार, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और संस्थान के स्टाफ, प्रशिक्षु छात्रों के अलावा अन्य राज्यों से आए शिक्षकगण भी मौजूद रहे।
सुधीर कुमार दुबे, पैनल अधिवक्ता ने भारतीय संविधान के ऐतिहासिक महत्व, संविधान सभा के गठन, प्रमुख स्त्रोत, मौलिक कर्तव्य और अधिकार, तथा राज्य के नीति निर्देशक तत्वों के बारे में जानकारी दी। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय के न्याय दृष्टांतों पर भी चर्चा की।
अभय सिंह, जिला विधिक सहायता अधिकारी ने विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्य प्रणाली, संरचना और इसके द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने निःशुल्क विधिक सहायता योजना, लोक अदालत, मध्यस्थता योजना, प्री-लिटिगेशन मीडिएशन और मोटर दुर्घटना दावा अधिनियम जैसे विषयों पर भी जानकारी दी। इसके अलावा, नालसा टोल फ्री नंबर 15100 के माध्यम से निःशुल्क विधिक सलाह एवं सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी साझा की।
मेजर निशांत कुमार राय ने संविधान की प्रस्तावना के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी और संविधान के उद्देश्यों के बारे में जागरूकता बढ़ाई। कार्यक्रम के अंत में संस्थान के निदेशक सी.सी. त्रिपाठी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन संविधान के महत्व को समझने और लोगों को विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था।





