
भोपाल । थाना मंगलवारा क्षेत्र में स्थित रेलवे ट्रैक पर एक गंभीर हादसे में युवक का पैर ट्रेन से कट गया। हादसे की सूचना मिलते ही चार्ली पुलिस वाहन में तैनात आरक्षक शुभम एवं दिवान सिंह ने अद्वितीय मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए त्वरित कार्रवाई कर घायल युवक की जान बचा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही दौड़ी पुलिस, घायल को हमीदिया पहुँचाया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घनश्याम चौकसे, उम्र 40 वर्ष, निवासी अशोका गार्डन, दोपहर करीब 12 बजे रेलवे ट्रैक पर किसी कारणवश फिसलने से ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनका एक पैर गंभीर रूप से कट गया। यह घटना GRP थाना क्षेत्र की थी, लेकिन बिना सीमा विवाद की परवाह किए थाना मंगलवारा के चार्ली स्टाफ ने तत्परता से घटनास्थल पर पहुँचकर आम नागरिकों की मदद से घायल को ऑटो रिक्शा में हमीदिया अस्पताल पहुँचाया।
डॉक्टरों ने कहा: एक पल की देरी भी ले सकती थी जान
हमीदिया अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, यदि घायल को अस्पताल पहुँचाने में कुछ पल की भी देरी होती, तो उनकी जान बचाना संभव नहीं होता। इस त्वरित और साहसिक प्रयास के चलते घायल की जान बचाई जा सकी, जिसके लिए आमजन एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा आरक्षक शुभम और दिवान सिंह की सराहना की जा रही है।
मानवीयता और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण बनी भोपाल पुलिस
भोपाल पुलिस के इन आरक्षकों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि पुलिस न केवल कानून की रक्षक है, बल्कि संकट के समय समाज की सेवा में सबसे आगे खड़ी होती है। चार्ली पुलिस की यह संवेदनशीलता और सक्रियता आने वाले समय में पुलिस-जन संवाद को और मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगी।





