
बदायूं, उत्तर प्रदेश। यूपी के बदायूं जिले में एक महिला द्वारा चूहे की पूंछ में धागा बांधकर उसे स्ट्रीट डॉग को खिलाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शहबाजपुर इलाके में हुई इस घटना में महिला ने चूहे की पूंछ को धागे से बांधकर गली में घूम रहे कुत्ते को दिखाया। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला ने चूहे को कुत्ते के सामने रखा और उसे शिकार करने दिया, इसके बाद वह वहां से चली गई।
इस घटना के वायरल वीडियो को देखने के बाद एनिमल्स एक्टिविस्ट विकेंद्र ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
यह पहली बार नहीं है जब बदायूं में चूहे की हत्या को लेकर विवाद उठ रहा है। साल 2022 में भी यहां एक चूहा हत्या का मामला सुर्खियों में आया था। उस समय मनोज नामक युवक ने चूहे की पूंछ में पत्थर बांधकर उसे बुरी तरह पीटा और नाले में फेंक दिया था। इस मामले में भी विकेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार किया।
मनोज के खिलाफ 30 पन्नों की चार्जशीट कोर्ट में दायर की गई थी और मामला अभी कोर्ट में पेंडिंग है। आरोपी जमानत पर बाहर है।