
छिंदवाड़ा – अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम उमरिया में सभा को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया।
उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा ने राजनीति का स्तर गिरा दिया है। तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर विपक्ष के विधायकों को तोड़ना और जनता पर असमय चुनाव का बोझ डालना भाजपा की आदत बन गई है। अमरवाड़ा विधानसभा की जनता भी भाजपा के षड्यंत्र का शिकार हुई है, जिसके कारण उन्हें असमय चुनाव का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा प्रत्याशी कमलेश शाह पर निशाना साधते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जो राजा प्रजा के साथ न हो, उसे घर बैठा देना चाहिए। राजा कमलेश शाह महल से नहीं निकलते और जनता को महल में नहीं बुलाते। शाह के घर जाने पर पहले जूते-चप्पल दूर उतारने पड़ते हैं और फिर पांच घंटे इंतजार करना पड़ता है। यही हाल कमलेश शाह के विधायक रहते हुआ।
**जनता के मुद्दों पर चर्चा नहीं करना चाहती भाजपा सरकार! – उमंग सिंघार**
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार जनता के मुद्दों पर चर्चा नहीं करना चाहती, इसलिए सदन की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई है। भाजपा सरकार दावा करती है कि उन्होंने घर-घर पीने का पानी पहुंचा दिया, लेकिन जल जीवन मिशन में पूरे प्रदेश में घोटाला हुआ है। भाजपा सरकार 110 करोड़ रुपए की केंचुआ खाद खरीदी में भी घोटाले को छुपाना चाहती है।
सिंघार ने कहा कि सरकार से सवाल करने पर या तो झूठे जवाब दिए जाते हैं या जवाब ही नहीं दिए जाते। उन्होंने नर्सिंग घोटाला, जल जीवन घोटाला और भर्ती परीक्षाओं में हुए घोटालों को उठाया, लेकिन सरकार जांच नहीं कराना चाहती। फर्जी कॉलेज फर्जी डिग्री बांट रहे हैं, और विपक्ष के सवाल उठाने पर सरकार चर्चा से भागती है।
उमंग सिंघार ने जनता से कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों के लिए सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने आस्था के केंद्र आंचल कुंड दरबार से धीरन शाह दादाजी को कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में समर्थन देने का आग्रह किया। जनसभा में परासिया विधायक सोहनलाल बाल्मिक, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंपालाल कुर्चे, आदिवासी कांग्रेस प्रकोष्ठ के अध्यक्ष किशोर उईके, कमलेश साहू और अन्य प्रमुख नेता उपस्थित थे।