मुख्य सचिव अनुराग जैन ने दिए मास्टर प्लान तैयार करने और विकास कार्यों को तेज करने के निर्देश
भोपाल, । मध्यप्रदेश सरकार ने ऐतिहासिक नगरी ओरछा को विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने रविवार को ओरछा प्रवास के दौरान कहा कि ओरछा की पहचान, संभावनाओं और बढ़ते पर्यटन को देखते हुए एक इंटीग्रेटेड मास्टर प्लान तैयार किया जाए, जो आने वाले वर्षों में शहर के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास का आधार बने।
विकास कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर जोर
मुख्य सचिव जैन ने ओरछा में जारी विभिन्न निर्माण एवं विकास परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण किया और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समय-सीमा में, उच्च गुणवत्ता के साथ और पर्यटक-हित में पूर्ण किए जाएँ। उन्होंने भगवान श्रीराम राजा सरकार के दर्शन किए और इसके बाद जुझार महल, हरदौल वाटिका, राय प्रवीण महल, तुलसी घाट और जहांगीर महल सहित कई महत्वपूर्ण धरोहर स्थलों का निरीक्षण किया।
पर्यटन विकास के लिए प्रमुख निर्देश
मुख्य सचिव ने अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा कर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए
1. इंटीग्रेटेड मास्टर प्लान तैयार किया जाए
शहर के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को आधार बनाते हुए समग्र मास्टर प्लान। संरक्षित भवनों, पर्यटन सुविधाओं और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान।
2. बुंदेलखंड सांस्कृतिक महोत्सव की रूपरेखा बने
खजुराहो महोत्सव की थीम से जुड़ते हुए बुंदेलखंड की कला, संस्कृति, लोकसंगीत और परंपराओं का भव्य आयोजन।
3. वेंडर जोन का सुव्यवस्थित विकास
ऐसा मॉडल तैयार हो जिससे पर्यटकों को आवागमन में आसानी हो और स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिले।
4. पीपीपी मोड में स्थानीय भागीदारी सुनिश्चित
पर्यटन आधारित परियोजनाओं में स्थानीय युवाओं और नागरिकों को अवसर देकर आर्थिक सशक्तिकरण।
5. बेतवा नदी पर नए ब्रिज को जल्द पूरा करने के निर्देश
कंचना घाट पर चल रहे पुल और पिंक टॉयलेट को SHG के हवाले कर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा।
पर्यटन सुविधाओं को विश्वस्तर पर ले जाने की कार्ययोजना
ओरछा के सभी होटलों की स्टार रेटिंग कराई जाए। जुझार सिंह महल को बुंदेलखंड सांस्कृतिक केंद्र की तर्ज पर विकसित किया जाए। एडवेंचर स्पोर्ट्स जैसे रिवर राफ्टिंग, ट्रेकिंग, बोटिंग को बढ़ावा। बुंदेली कला, पेंटिंग, टेराकोटा उत्पादों की ब्रांडिंग, मार्केटिंग और ऑनलाइन बिक्री को प्रोत्साहन।
मुख्य सचिव जैन ने कहा कि ओरछा केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की अद्वितीय सांस्कृतिक विरासत है। इसके संरक्षण और विकास के लिए राज्य सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। ओरछा के विकास की यह पहल भविष्य में इसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक प्रभावशाली पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
ओरछा को विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य बनाने की बड़ी पहल
