State

भोपाल: रक्षाबंधन पर गाय और वृक्ष को राखी बांधकर मनाएंगे मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच के सदस्य

भोपाल: रक्षाबंधन के पर्व पर इस बार मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच के सदस्य एक अनोखे तरीके से त्योहार मनाएंगे। उन्होंने निर्णय लिया है कि वे गाय और वृक्षों को राखी बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प लेंगे। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण और गौ माता की सुरक्षा को बढ़ावा देना है।

यह निर्णय कर्मचारी मंच की प्रांतीय समिति की बैठक में लिया गया, जिसमें अशोक पांडे, सुनील पाठक, शिव प्रसाद संगल, सत्येंद्र पांडे, रामबाबू सोनी, चांद सिंह, राजेंद्र शर्मा, भगवान दास बिल्लोरे, श्यामलाल विश्वकर्मा, थावरिया भील, नन्नू लाल मालवीय, मदन मेहरा, बद्री गौर सहित कई अन्य सदस्य शामिल थे।

मध्य प्रदेश कर्मचारी मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडे ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि प्रदेश में गौ माता की सुरक्षा एक गंभीर चिंता का विषय बन गई है। गौशालाओं, शहरों, गांवों और वन क्षेत्रों में गौ माता की हत्याएं हो रही हैं। इसके अलावा, वृक्षों को भी वन माफिया, खनन माफिया और भवन निर्माणकर्ताओं द्वारा लगातार काटा जा रहा है, जिससे प्रदेश में वृक्षों की संख्या कम होती जा रही है।

कर्मचारी मंच के सदस्यों ने रक्षाबंधन के दिन गौ माता और वृक्षों को राखी बांधकर उनकी सुरक्षा का संकल्प लेने का फैसला किया है। इसके साथ ही, वे प्रदेश के नागरिकों को भी गौ माता और वृक्षों की रक्षा के प्रति जागरूक करेंगे और इस संदेश को फैलाने का प्रयास करेंगे।

Related Articles