भोपाल: कुख्यात बदमाश नसीम बन्ने खां पुलिस के शिकंजे में, हवाला कारोबार की लूट और गैंगवार के गहरे कनेक्शन उजागर

भोपाल। मध्यप्रदेश के कुख्यात अपराधियों में शामिल नसीम बन्ने खां आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। बैतूल पुलिस द्वारा पकड़े जाने के बाद नसीम ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हैरान कर देने वाली हरकत की — उसने पेंसिल का ढक्कन निगल लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल भोपाल लाया गया।
भोपाल में हुई थी आमने-सामने मुठभेड़
करीब तीन दिन पहले भोपाल के निशातपुरा क्षेत्र में पुलिस की नसीम से आमने-सामने भिड़ंत हो गई थी। वह अपने भतीजे के साथ बाइक पर सवार होकर गल्ला मंडी की ओर आया था। नसीम के दोनों हाथों में पिस्टल देखकर पुलिस को पीछे हटना पड़ा और वह उस समय बच निकला।
हवाला लूट की चेन में बड़ा नाम — राजा खटीक
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले की जड़ हवाला कारोबार से जुड़ी है। हवाला की बड़ी रकम पर कब्जा करने वाला शातिर अपराधी राजा खटीक इस कड़ी का मुख्य चेहरा है। बताया जाता है कि भोपाल के एक बर्खास्त पुलिसकर्मी का बेटा, जो अब कबाड़ी कारोबारी बन गया है, राजा खटीक की हवाला लूट में मुख्य सहयोगी है। यही व्यक्ति पुलिस विभाग के कुछ कर्मचारियों के संपर्क में है और राजा के पकड़े जाने पर ‘सैटलमेंट’ करवाने का जिम्मा भी निभाता है।
चौथ वसूली का खेल: नसीम का नाम हर हवाले में
हर बड़े हवाला ट्रांजेक्शन की जानकारी नसीम बन्ने खां तक पहुंचती थी। लूट की रकम में हिस्सेदारी के लिए वह सीधे तौर पर ‘चौथ वसूली’ करता था। 7-8 महीने पहले श्यामला हिल्स पुलिस द्वारा पकड़े गए हवाला कांड में भी राजा खटीक मुख्य आरोपी था। इस मामले में उसका साथी अमित वर्मा उर्फ “भांजा” 23 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया था।
सतना में भी लूटा हवाला, पुराने झगड़े का बदला बनी गोली
सतना जिले में भी राजा खटीक ने हवाला लूट को अंजाम दिया था। वहां के पैसों के लेन-देन को लेकर राजा खटीक और नसीम के बीच पहले से ही रंजिश थी। इसी तनाव के चलते एक दिन राजा खटीक के पीछे हीरोपंती दिखाते हुए अमित उर्फ भांजा ने नसीम से कहा – “मार गोली”, और नसीम ने गोली चला दी। इस हमले में राजा खटीक किसी तरह बच निकला।
हवाला नेटवर्क पर बड़ा खुलासा संभव
भोपाल समेत पूरे मध्यप्रदेश में हवाला की लूट और चौथ वसूली का जाल फैला हुआ है। नसीम बन्ने खां की गिरफ्तारी से इस गिरोह की कड़ियों को जोड़ने में पुलिस को बड़ी मदद मिलने की उम्मीद है। वहीं, इसमें संलिप्त पुलिस कर्मियों की भूमिका भी अब जांच के दायरे में आ गई है।





