State

भोपाल आबकारी विभाग ने लोकसभा चुनाव के दौरान शराब तस्करी पर कसा शिकंजा

भोपाल । लोकसभा निर्वाचन 2024 के मद्देनजर, भोपाल आबकारी विभाग ने अवैध शराब तस्करी पर नकेल कसते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह के निर्देशन में, सहायक आबकारी आयुक्त भोपाल दीपम रायचुरा की अगुवाई में, आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी रामगोपाल भदोरिया की टीम ने बरखेड़ा सालम भोपाल में दो शराब तस्करों को धर दबोचा।

इस कार्रवाई में, तस्करों से 3 पेटी देशी मदिरा प्लेन, 2 पेटी देशी मदिरा मसाला और 24 वोल्ट बीयर के केन जब्त किए गए, जिसका कुल मात्रा 57 बल्क लीटर थी। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और मामले की विवेचना जारी है।

वृत प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक स्वाति बघेल ने म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)क और 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आबकारी विभाग ने भोपाल जिले में अवैध शराब तस्करी कर रहे स्मग्लरों पर कड़ी निगरानी रखने का संकल्प लिया है।

सहायक आबकारी आयुक्त दीपम रायचुरा ने बताया कि चुनावी अवधि में अवैध शराब तस्करों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई जारी है, जिससे तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग द्वारा ठेकेदारों पर भी नजर रखी जा रही है, और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles