State

भोपाल: असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ऋचा पांडे की संदिग्ध मौत, पति अभिजीत पांडे के खिलाफ दो FIR दर्ज, रिसेप्शनिस्ट सपना पर अब तक कार्रवाई नहीं!

भोपाल के बहुचर्चित आरकेडीएफ कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर और एमडी डिग्रीधारी डॉक्टर ऋचा पांडे की रहस्यमयी मौत का मामला अब एक नए मोड़ पर पहुंच चुका है। 21 मार्च 2025 को सुबह लगभग 9 बजे जब डॉ. ऋचा ने दरवाजा नहीं खोला, तब उनके पति अभिजीत पांडे ने कथित रूप से मजदूर बुलाकर दरवाजा खुलवाया। कमरे में डॉ. ऋचा बेहोशी की हालत में बेड पर पड़ी मिलीं।

कमरे से खाली वायल (vial) और सिरिंज (syringe) बरामद हुए, साथ ही उनके हाथों पर इंजेक्शन के निशान भी पाए गए। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे ओवरडोज के कारण आत्महत्या मानकर मामला दर्ज किया, क्योंकि कमरा अंदर से बंद था।

परिवार का आरोप: यह आत्महत्या नहीं, सोची-समझी हत्या है

मृतका के परिजनों ने शुरू से ही दावा किया कि उनकी बेटी की मौत कोई आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उनका आरोप है कि मृतका के पति डॉ. अभिजीत पांडे का किसी अन्य महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिससे ऋचा मानसिक रूप से बेहद परेशान रहती थीं।

जांच में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं कि अभिजीत पांडे MP नगर जैसे पॉश इलाके में बिना किसी मेडिकल डिग्री और पंजीयन के एक फर्जी क्लिनिक चला रहा था, जहां शहर के कई प्रतिष्ठित लोग इलाज कराने आते थे।

सपना उर्फ माही: क्लिनिक की रिसेप्शनिस्ट या कुछ और?

सबसे बड़ा सवाल पुलिस की कार्यप्रणाली पर खड़ा होता है कि जिस क्लिनिक का किरायानामा सपना उर्फ माही के नाम पर था, जिसका गुमास्ता लाइसेंस भी सौंदर्य प्रसाधन के नाम पर उसी के नाम से जारी था, उसे अब तक सह आरोपी क्यों नहीं बनाया गया?

सपना, जो कि क्लिनिक में रिसेप्शनिस्ट कम पार्टनर बताई जा रही है, पूरी गतिविधियों में सक्रिय रही और उसे केस की पूरी जानकारी थी। इसके बावजूद पुलिस द्वारा उससे कोई गंभीर पूछताछ नहीं की गई है।

दो FIR दर्ज, पर अधूरी जांच का सवाल

अब तक आरोपी अभिजीत पांडे के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। एक मृतका की मौत को लेकर और दूसरी फर्जी क्लिनिक के संचालन को लेकर। लेकिन सपना के खिलाफ कोई कानूनी कार्यवाही नहीं होने से परिजन और नागरिक समाज में रोष है।

अब सवाल उठता है कि क्या सपना उर्फ माही को राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है? आखिर पुलिस ने अब तक उसे सह आरोपी नहीं बनाया?

जनता और परिजन मांग कर रहे हैं कि सपना से कड़ी पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचा जाए, जिससे डॉ. ऋचा पांडे को न्याय मिल सके।

Related Articles