
भोपाल। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय,भारत सरकार के अधीन कार्यरत संस्था नेहरू युवा केंद्र संगठन मप्र के राज्य निदेशक पद पर अरविन्द श्रीधर नियुक्त किये गये हैं। उन्होंने शनिवार, 1 जून को अपना प्रभार संभाल लिया है। वे वर्ष 1992 से युवा समन्वयक के रूप में नेहरू युवा केन्द्र से जुड़े हुए हैं और धार-झाबुआ जैसे ठेठ आदिवासी जिलों से लगाकर राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली तक काम कर चुके हैं। देश के विभिन्न हिस्सों में आई प्राकृतिक आपदाओं से लगाकर कोरोना जैसी महामारी के दौरान उनके द्वारा प्रशिक्षित हजारों युवा स्वयं सेवकों ने अपने सेवा कार्यों की छाप छोड़ी है। विभाग के मुख पत्र युवा संदेश के प्रकाशन में भी उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। श्री अरविन्द श्रीधर को नेहरू युवा केंद्र संगठन के माध्यम से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहने की प्रेरणा अपने पिता सुप्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी पंडित सुंदरलाल श्रीधर से मिली। अरविन्द श्रीधर साहित्य के क्षेत्र में भी रुचि रखते हैं, उन्होंने अपने अग्रज ज्ञान तीर्थ सप्रे संग्रहालय के अधिष्ठाता वरिष्ठ पत्रकार विजयदत्त श्रीधर के मार्गदर्शन में अपनी इस रुचि को निखारा। निश्चित ही उनके नेतृत्व में नेहरू युवा केंद्र संगठन मध्य प्रदेश में नए प्रतिमान स्थापित करेगा।