State

बढ़ती गर्मी को लेकर एम्स भोपाल की एडवाइजरी

भोपाल ।।गर्मी के बढ़ते तेवर को देखते हुए एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रोफेसर (डॉ) अजय सिंह ने मरीजों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं । पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार बढ़ते तापमान के कारण डिहाइड्रेशन, बुखार, थकान, कमजोरी, उल्टी और दस्त जैसी शिकायत के साथ रोगियों की संख्या में काफी बढ़ोत्तरी नजर आई है। पिछले तीन दिनों में यानी 24,  25 और 27 मई को केवल मेडिसिन विभाग की ओपीडी में मरीजों की संख्या क्रमशः 653, 462, और 723 रही। रोगियों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए एम्स भोपाल में मेडिसिन विभाग के चिकित्सक लगातार मरीजों को देख रहे हैं। अस्पताल में पहुंचते ही  मरीज को किसी प्रकार की समस्या ना हो इसके लिए अस्पताल कर्मी उनके पंजीकरण से लेकर संबंधित डॉक्टर तक ले जाने में उनकी सहायता कर रहे हैं। मेडिसिन विभाग के प्रमुख प्रोफेसर (डॉ) रजनीश जोशी ने गर्मी के इस मौसम में कुछ खास बातों को ध्यान में रखने को कहा है। धूप में बाहर निकलते समय शरीर को ढक कर रखें, ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ का सेवन करते रहें, हल्का व्यायाम करें और यदि आवश्यक ना हो तो धूप में ना निकले। ऐसे व्यक्ति जिन्हें डायबिटीज या ब्लड प्रेशर इत्यादि की समस्या है उनको खास ध्यान रखना होगा। एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रोफेसर  (डॉ) अजय सिंह ने बढ़ते तापमान को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानियां बरतने की सलाह देते हुए कहा की छोटी-छोटी बातों को अपना कर खुद को स्वस्थ रखा जा सकता है।

Related Articles