State

भोपाल: एयरपोर्ट रोड पर तलवार से केक काटकर आतिशबाजी करने वाले आरोपी गिरफ्तार, कार और तलवार जप्त

भोपाल। राजधानी भोपाल के एयरपोर्ट रोड पर कारें खड़ी कर तलवार से केक काटने और आतिशबाजी करने वाले युवकों के खिलाफ गांधी नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से एक कार और तलवार भी जप्त कर ली है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने तत्काल जांच कर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
वीडियो में साफ देखा गया कि 6-7 युवक एयरपोर्ट मेन रोड पर कारें खड़ी कर कार की बोनट पर 11 केक रखकर तलवार से केक काट रहे थे और आतिशबाजी कर रहे थे। यह घटना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और दैनिक समाचार पत्रों के माध्यम से व्यापक रूप से सामने आई थी, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करने के आदेश दिए थे।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त जोन-4, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-4 और सहायक पुलिस आयुक्त निशातपुरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गांधी नगर ने एक विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान पाया गया कि यह घटना दिनांक 20 अप्रैल 2025 को रात लगभग 12:15 बजे एयरपोर्ट ब्रिज पर घटी थी, जहां युवकों ने अपनी कारें रोड पर खड़ी कर केक काटा और आतिशबाजी की, जिससे यातायात बाधित हुआ और राहगीरों को भयभीत होना पड़ा।

जुड़वां भाइयों की पहचान और गिरफ्तारी
पुलिस ने जांच में दो आरोपियों की पहचान की —

अरशान पिता जावेद खान, उम्र 19 वर्ष, निवासी ताज कॉलोनी, शाहजहानाबाद, भोपाल।

अयान पिता जावेद खान, उम्र 19 वर्ष, निवासी ताज कॉलोनी, शाहजहानाबाद, भोपाल।


पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे जुड़वां भाई हैं और 20 अप्रैल को अपना जन्मदिन मना रहे थे। इसी खुशी में उन्होंने अपने दोस्तों के साथ एयरपोर्ट ब्रिज पर कार की बोनट पर 11 केक रखकर तलवार से केक काटा और आतिशबाजी की थी।

कार और तलवार जप्त, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी अरशान के पास से केक काटने में प्रयुक्त तलवार और एक आई20 कार जप्त की है। शेष पांच आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश जारी है। आरोपियों का अपराध जमानती होने के कारण नोटिस तामील कराकर उन्हें छोड़ दिया गया है, जबकि अन्य के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई प्रगति पर है।

पंजीबद्ध अपराध
इस मामले में गांधी नगर थाने में अपराध क्रमांक 107/25 धारा 270, 125, 285, 3(5) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार फरकले, सहायक उप निरीक्षक प्रवीण सिंह बैस, प्रधान आरक्षक अनुराग पटेल, आरक्षक गोपाल सिंह और सुरेश मीणा का विशेष योगदान रहा।

Related Articles