पुलिस प्रशिक्षण शाला भौंरी के 35 कार्यवाहक निरीक्षकों ने किया राज्य स्तरीय डायल-100 कंट्रोल रूम का भ्रमण
भोपाल, : पुलिस प्रशिक्षण शाला भौंरी में इंडक्शन कोर्स कर रहे विभिन्न जिलों के 35 कार्यवाहक निरीक्षकों ने राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112/100 भोपाल का भ्रमण किया। इस दौरे के दौरान, पुलिस अधिकारियों को डायल-112/100 सेवा की विस्तृत जानकारी दी गई। भ्रमण का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (रेडियो) विजय कुमार खत्री के मार्गदर्शन में और पुलिस अधीक्षक डायल-100 बीना सिंह के निर्देशन में किया गया।
अधिकारियों को डायल-112/100 की कॉलटेकर और डिस्पेचर कक्ष का दौरा कराया गया, जहां उन्हें प्राप्त सूचनाओं पर होने वाली कार्यवाहियों से अवगत कराया गया। उप पुलिस अधीक्षक डायल-100 धर्मवीर सिंह ने अधिकारियों को मध्यप्रदेश पुलिस की अत्याधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग से की जा रही उत्कृष्ट पुलिसिंग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डायल-100 सेवा देश की पहली राज्य स्तरीय एकीकृत पुलिस आपातकालीन सेवा है, जिसका एकीकरण प्रदेश की अन्य आपातकालीन सेवाओं जैसे फायर, मेडिकल, साइबर और महिला सुरक्षा से भी किया गया है।
दौरे के अंत में उप पुलिस अधीक्षक डायल-100 धर्मवीर सिंह और उप पुलिस अधीक्षक (रेडियो) शिव कुमार गुप्ता ने स्मृति चिन्ह प्रदान किए। इस अवसर पर निरीक्षक (रेडियो) एम. तिर्की और अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।