
चेन्नई । सुनील नरेन आईपीएल में अपने शानदार प्रदर्शन के कारण एक बार फिर सबके आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं। वेस्टइंडीइज के ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने कहा है कि सुनील नरेन को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में संन्यास से वापसी नहीं करने के अपने फैसले पर फिर विचार करना चाहिये। रसेल का मानना है कि वह ऐसे खिलाड़ी है जिसकी कमी टीम को खल रही है। रसेल ने कहा कि नारायण संन्यास से वापसी कर टीम को जीत दिलाने में सहायता कर सकते हैं। नरेन ने साल 2023 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। उन्होंने वेस्टइंडीज के लिए अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय 2019 में खेला था।
नारायण ने आईपीएल के इस सत्र में अपनी गेंद और बल्ले से कमाल के प्रदर्शन से 13 मैचों में 1 शतक और 3 अर्धशतक की मदद से 482 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 179.85 का रहा है। नारायण ने इसके साथ ही 22 की औसत से 16 विकेट लिए हैं। उन्होंने बड़े स्कोर वाले इस आईपीएल सत्र में 7 से कम के इकॉनोमी रेट से रन खर्च किए हैं।
रसेल ने कहा कि ईमानदारी से कहूं तो मैं सुनील के लिए बहुत खुश हूं। मुझे लगता है कि 500 रन के करीब पहुंचना कोई मजाक नहीं है। वह प्रमुख गेंदबाज होने के नाते जो 4 ओवर गेंदबाजी करते हैं और इस सत्र उनके नाम 16 विकेट भी हैं। नारायण के प्रदर्शन से केकेआर आईपीएल के फाइनल में पहुंचने में सफल रही है। इससे पहले टीम के कप्तान रोमेन पॉवेल ने भी नरेन से संन्यास से वापसी करने को कहा था पर उन्होंने इंकार कर दिया था। नरेन ने कहा था कि अब वह युवाओं को अवसर देना चाहते हैं।



