Featured

यूपी में सपा सीटें मांग नहीं रही, बल्कि दे रही हैं

लखनऊ । सपा मुखिया और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने इस बात के संकेत दे दिए कि यूपी में उनका दल ही इंडिया गठबंधन की अगुआई करेगा। पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अखिलेश ने कहा कि सपा गठबंधन में सीटें मांग नहीं रही है, बल्कि दे रही है। गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के साथ मिलकर सीटों पर बात होगी। सपा ने पहले भी गठबंधन में त्याग किया। इस बार लड़ाई बड़ी है। सपा सभी को साथ लेकर चलेगी। लोकतंत्र और संविधान बचाना है। उन्होंने कहा कि सपा डॉक्टर लोहिया, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और नेताजी के रास्ते पर चलकर संविधान को बचाना चाहती है।मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा के प्रत्याशियों को लेकर अखिलेश ने कहा कि सपा कई सीटों पर मजबूत है। पार्टी के कार्यकर्ता काम कर रहे हैं।

मऊ की घोसी सीट पर मिली जीत से उत्साहित सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा है कि 2024 के लोकसभा चुनावों में संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई होगी। लोकतंत्र को बचाना क्रांति से कम नहीं है। यह अवसर भविष्य की बड़ी जिम्मेदारी का भी है। मोदी सरकार की विदाई उत्तर प्रदेश की जनता को सुनिश्चित करना है। इसलिए पूरी दमदारी से एकजुट होकर समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव में मतदान का 60 प्रतिशत से ज्यादा वोट हासिल करेगी। अखिलेश ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव पीडीए-पिछड़ा, दलित, मुस्लिम अल्पसंख्यक सभी मिलकर जीत दिलाएंगे।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने घोसी में प्रशासन ने बहुत दबाव बनाया था। नेताओं को रेड कार्ड दिए, मुस्लिम भाईयों को मतदान से रोकने को तमाम तरह से दबाव बनाया, उसके बाद भी घोसी की जनता ने समाजवादी पार्टी को ऐतिहासिक मतों से जिताया। उन्होंने कहा कि घोसी विधानसभा उपचुनाव की जीत की घोषणा का संदेश बहुत बड़ा है। घोसी की जीत ने नया रास्ता दिखाया है। कार्यकर्ता और नेता अपना चुनाव समझकर आंदोलनकारी बनाकर सरकार के खिलाफ एक हो जाए तब जीत भी मिलेगी और संदेश भी बड़ा जाएगा। बसपा सांसद दानिश अली के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि दानिश अली गठबंधन में चुनाव जीते थे, वह समाजवादी पार्टी के भी हैं। अखिलेश ने कहा भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी जैसे नेताओं के चुनाव लड़ने के लिए हमेशा का प्रतिबंध लगाया जाए। उन्होंने कहा कि लोग चेहरे ही नहीं, जुबान से भी पहचाने जाते हैं।

Related Articles

Back to top button