
सतना । मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह का एक विवादित बयान सामने आया है। सतना के होटल भरहुत में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने साधु-संतों को लेकर अपमानजनक टिप्पणी कर दी, जिससे राजनीतिक बवाल मच सकता है।
क्या बोले राजेंद्र कुमार सिंह?
“भाजपा हिंदुत्व के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है।” “राम मंदिर और कुंभ को लेकर आंकड़ों का खेल खेला गया।” “साधु-संतों को जनता के बीच भेजा गया कि हिंदुत्व का प्रचार करो, भाजपा का प्रचार करो।” “ये सांड बनकर दूसरों की खेती चर रहे हैं।”
साधु-संतों में नाराजगी, भाजपा ने किया पलटवार
राजेंद्र कुमार सिंह के इस बयान पर हिंदू संगठनों और साधु-संतों में आक्रोश है। भाजपा ने इसे हिंदू धर्म और साधु-संतों का अपमान करार दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बयान कांग्रेस के लिए चुनावी नुकसान का कारण बन सकता है।
क्या कांग्रेस राजेंद्र कुमार सिंह के बयान से दूरी बनाएगी?
अभी तक कांग्रेस नेतृत्व ने इस विवादित बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। लेकिन यह बयान राजनीतिक रूप से कांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है।





