Madhya PradeshpoliticsState Election 2023

political news : भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा 10,543 किमी का सफर तय करेगी

कार्यकर्ता महाकुंभ में भोपाल आ सकते हैं पीएम मोदी
-मप्र में 5 जन आशीर्वाद यात्राएं निकालेगी भाजपा
-3 सितंबर को अमित शाह चित्रकूट से करेंगे शुरुआत
Bhopal BJP political news : मप्र में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा जन आशीर्वाद यात्राएं निकालेगी। 3 सितंबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह चित्रकूट से यात्रा की शुरुआत करेंगे। पार्टी पहली बार एक साथ 5 यात्राएं निकालने जा रही है। 17-18 दिन में ये यात्राएं 10,543 किलोमीटर की दूरी तय करेंगी। 25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ होगा। पार्टी का दावा है कि महाकुंभ में प्रदेशभर से 10 लाख कार्यकर्ता जुटेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आ सकते हैं।
चुनावों की घोषणा से पहले भाजपा इन यात्राओं के जरिये केंद्र और राज्य की योजनाओं के साथ ही उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएगी। मप्र चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि इस बार हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन यात्राओं की जानकारी देते हुए कहा कि बताया कि यात्राओं का 998 जगहों पर भव्य स्वागत होगा। 678 स्थानों पर रथ सभाएं होंगी। इसके साथ 211 बड़ी सभाओं का भी आयोजन किया जाएगा। चित्रकूट के बाद दूसरी और तीसरी यात्रा चार सितंबर को खंडवा और नीमच से शुरू होगी। दोनों यात्राओं का शुभारंभ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। चौथी यात्रा पांच सितंबर को मंडला से शुरू होगी, जिसके शुभारंभ के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आ सकते हैं। उनका कार्यक्रम अभी तय नहीं है। पार्टी ने इस यात्रा के शुभारंभ के लिए उन्हें आग्रह किया है। यह यात्रा जबलपुर होते हुए भोपाल पहुंचेगी। पांचवीं यात्रा छह सितंबर को श्योपुर से शुरू होगी। इसका शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। यह यात्रा रायसेन मार्ग से होते हुए भोपाल पहुंचेगी। सभी यात्राओं को 21 सितंबर तक भोपाल पहुंचना है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर 25 सितंबर को इन पांचों यात्राओं का समागम भोपाल में होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ में होगा। इसमें 10 लाख से अधिक कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे। कार्यकर्ता महाकुंभ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे।
210 विधानसभाओं को कवर करेंगी यात्राएं
प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा नेतृत्व जन आशीर्वाद यात्रा निकालता है। इस यात्रा के जरिए हम हर विधानसभा तक पहुंचते हैं। कई बार चुनावों में विधानसभाएं छूट जाती थीं। इसलिए इस बार प्रदेश में 5 यात्रा निकालेंगे। शर्मा ने कहा कि पांचों यात्राएं 10543 किलोमीटर चलकर कुल 210 विधानसभाएं कवर करेंगी। भोपाल और आसपास की विधानसभाएं समापन पर कवर की जाएंगी। भाजपा की इस जन आशीर्वाद यात्रा में पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम शिवराज सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, चुनाव प्रबंधन समिति संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, वीरेंद्र खटीक, गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा और राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार प्रमुख चेहरा होंगे।
यह होगा यात्रा का स्वरूप
यात्रा क्रमांक 1: विंध्य संभाग के चित्रकूट से 3 सितंबर को प्रारंभ होगी, जिसका शुभारंभ केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे।
यात्रा क्रमांक 2: महाकौशल के मंडला से 5 सितंबर को प्रारंभ होगी, इसका शुभारंभ भी केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे।
यात्रा क्रमांक 3: इंदौर संभाग के खंडवा से 4 सितंबर से प्रारंभ होगी, जिसका शुभारंभ देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे।
यात्रा क्रमांक 4: उज्जैन संभाग के नीमच से 4 सितंबर को प्रारंभ होगी, जिसका शुभारंभ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे।
यात्रा क्रमांक 5: ग्वालियर-चंबल संभाग के श्योपुर से 6 सितंबर को प्रारंभ होगी, इसका शुभारंभ राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे।

Related Articles

Back to top button