National

बिहार का सबसे बड़ा और आधुनिक सिनेमा घर हुआ जमींदोज

पूर्णिया में फिल्म शराबी के पहले शो से हुई थी शुरुआत
– अब बनेगा पांच मंजिला कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स
पूर्णिया । पूर्णिया में आज बिहार का इकलौता सबसे बड़ा और आधुनिक सिनेमा घर जमींदोज हो गया। 80 के दशक में शुरू हुए इस सिनेमा घर ने पूर्णिया को दशकों तक पहचान दिलाई। 70 एमएम परदे वाले फोर स्टार सिनेमाघर को महज 10 सेकेंड में ही ढहा दिया गया। बताया जा रहा है अब यहां पर पांच मंजिला कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा।
फोर स्टार सिनेमाघर को ढहाने का जिम्मा एक प्राइवेट कंपनी ने लिया था। वैसे तो साल 2022 में ही इसे तोड़ा जाना था, लेकिन किन्ही कारणों से 2 साल तक समय लग गया। सिनेमा घर की बिल्डिंग के ढहने का वीडियो लोग सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए सिनेमा घर से जुड़ी यादों को शेयर कर रहें हैं। फोर स्टार सिनेमाघर की शुरुआत 25 नवंबर 1984 को अमिताभ बच्चन की सुपरहिट फिल्म शराबी के पहले शो से हुई थी। 70 एमएम के परदे, गद्देदार रोलिंग चेयर्स और शानदार साउंड क्वालिटी के कारण लोगों के दिलों में इस सिनेमाघर के लिए एक अलग जगह बन गई थी। एक समय ऐसा था जब यहां चलने वाली फिल्मों के हर सीन पर एक अलग ही रोमांच का एहसास होता था। यहां चलने वाले पहले शो से लेकर अंतिम शो तक के लिए 5 से 6 घंटे तक लोग लंबी कतार में लगे रहते थे। इस सिनेमा घर को सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के प्रशंसक और प्रसिद्ध सर्जन डॉ मोहन राय ने बनवाया था।

Related Articles