
भोपाल: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के अध्यक्ष मनोज सोनी ने अपना कार्यकाल समाप्त होने से पांच साल पहले इस्तीफा दे दिया है। सोनी ने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति को भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दिया है। जून के आखिरी सप्ताह में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। फिलहाल, उनका इस्तीफा स्वीकार होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कार्यकाल और नियुक्ति
मनोज सोनी का कार्यकाल 2029 में समाप्त होने वाला था, लेकिन उन्होंने इससे पहले ही इस्तीफा दे दिया। उन्होंने 2017 में UPSC में बतौर सदस्य ज्वॉइन किया था और 16 मई 2023 को उन्हें UPSC का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
निजी कारणों से इस्तीफा
सूत्रों के मुताबिक, मनोज सोनी गुजरात में स्वामीनारायण संप्रदाय की एक शाखा, अनुपम मिशन को अधिक समय देना चाहते हैं। 2020 में दीक्षा प्राप्त करने के बाद वे मिशन के भीतर एक साधु या निष्काम कर्मयोगी बन गए थे। सूत्रों का कहना है कि मनोज सोनी का इस्तीफा किसी विवाद से जुड़ा नहीं है और उन्होंने अपने निजी कारणों के चलते इस्तीफा दिया है।
डॉ. सोनी का करियर
मनोज सोनी तीन बार वाइस चांसलर रह चुके हैं और सबसे कम उम्र के कुलपति बनने का रिकॉर्ड उनके नाम है। 2005 में वे देश के सबसे कम उम्र के यूनिवर्सिटी वाइस चांसलर बने थे।