National

यूके यात्रा: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ब्रिटिश सांसदों को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में किया आमंत्रित, मध्यप्रदेश की संभावनाओं को सराहा

भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की यूके यात्रा के दौरान ब्रिटिश सांसदों से हुई मुलाकात ने मध्यप्रदेश के विकास और निवेश संभावनाओं के लिए एक नया मार्ग प्रशस्त किया है। ब्रिटेन के हाउस ऑफ लॉर्ड्स के सदस्यों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के व्यक्तित्व, उनकी विनम्रता और मिलनसारिता की प्रशंसा करते हुए मध्यप्रदेश को निवेश के लिए एक उभरता हुआ राज्य बताया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने फरवरी 2025 में भोपाल में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में ब्रिटिश सांसदों, निवेशकों और प्रवासी भारतीयों को आमंत्रित किया। इस अवसर पर उन्होंने मध्यप्रदेश में नवकरणीय ऊर्जा, कृषि, स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी, उच्च शिक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उपलब्ध व्यापक अवसरों पर प्रकाश डाला।

ब्रिटिश सांसदों की प्रतिक्रिया:

लॉर्ड रमिंदर रेंजर ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव की विनम्रता और कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा,
“मध्यप्रदेश में निवेश के अवसर अपार हैं। मुख्यमंत्री ने हमें इन अवसरों के बारे में विस्तार से बताया, और हम उनकी परियोजनाओं में निवेश करने के लिए उत्साहित हैं।”
उन्होंने भारत की आर्थिक स्थिरता, लोकतांत्रिक ढांचे और निवेश सुरक्षा पर विश्वास जताया।

लॉर्ड कुलवीर रेंजर ने मध्यप्रदेश को “लंग्स ऑफ इंडिया” बताते हुए कहा,
“भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का हमें बेसब्री से इंतजार है। मुख्यमंत्री ने नवकरणीय ऊर्जा, ईको सिस्टम और कृषि के क्षेत्र में मध्यप्रदेश की उन्नति का जो चित्र प्रस्तुत किया, वह सराहनीय है।”


मध्यप्रदेश को वैश्विक निवेश के लिए तैयार:

ब्रिटिश सांसदों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव की टीम की भी प्रशंसा की और कहा कि मध्यप्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उनकी यात्रा से राज्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की संभावना है।

Related Articles