
भोपाल । बीना रेलवे स्टेशन पर अचानक निरीक्षण के दौरान, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबन्धक सौरभ कटारिया के नेतृत्व में, खानपान स्टालों पर बेचे जा रहे अनधिकृत और अमानक समोसों को नष्ट करने और अनधिकृत फ्रिज तथा पानी की बोतलों को जब्त करने की कार्रवाई की गई।
सहायक वाणिज्य प्रबन्धक प्रमोद कुमार तिवारी ने यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई गई खानपान सामग्री की जांच की, जिसमें खानपान स्टालों पर बेची जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और एक्सपायरी तिथि की उपलब्धता की जांच शामिल थी। इस दौरान, प्लेटफार्म क्रमांक 4 पर संचालित एक स्टाल से गैर-अनुमोदित खाद्य सामग्री जब्त की गई और पेटीज की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल भेजे गए।
इसी प्रकार, अन्य स्टालों से अनधिकृत रूप से रखे गए फ्रिज और 55 पेटी गैर-अनुमोदित पानी की बोतलें भी जब्त की गईं। वेंडरों द्वारा बेचे जा रहे समोसों की जांच में निर्धारित मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर उन्हें नष्ट कर दिया गया और संबंधित लाइसेंसी को आवश्यक सुधार करने की सलाह दी गई।
निरीक्षण टीम में मुख्य खानपान निरीक्षक मोहित यादव, वरिष्ठ वाणिज्य निरीक्षक विष्णु प्रताप सिंह, मंडल वाणिज्य निरीक्षक/बीना आशीष अवस्थी और अन्य पर्यवेक्षक शामिल थे।
रेल प्रशासन ने यात्रियों को उच्च गुणवत्ता के साथ बेहतर खानपान सुविधा प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।



