
लखनऊ । लखनऊ के इंदिरा नगर इलाके में रहने वाले रिटायर्ड आईएएस देवेंद्र नाथ दुबे की पत्नी की हत्या हो गई है। दुबे जब गोल्फ खेलकर लौटे तो देखा घर में सारा सामान इधर उधर बिखरा है। पत्नी मोहिनी के गले में फंदा लगा हुआ था। मोहिनी देवेंद्र नाथ की दूसरी पत्नी थीं।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रिटायर्ड आईएएस की पत्नी की हत्या से सनसनी फैल गई है। देवेंद्र नाथ दुबे (71) की पत्नी मोहिनी दुबे की हत्या कर दी गई है। शनिवार सुबह देवेंद्र गोल्फ खेलने गए थे। वहां से इंदिरा नगर स्थित घर वापस लौटे तो देखा कि अलमारियां खुली थीं। सामान सब इधर-उधर बिखरा पड़ा था और मोहिनी के गले में फंदा था। फिलहाल मौके पर गाजीपुर थाना क्षेत्र की पुलिस पहुंचकर इस पूरे मामले की जांच कर रही है। देवेंद्र नाथ रायबरेली के डीएम और इलाहाबाद के मंडलायुक्त रह चुके हैं।
यह पूरा मामला इंदिरा नगर सेक्टर 22 का है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि लूटपाट के बाद लुटेरों ने हत्याकांड की घटना को अंजाम दिया है। हत्या के बाद उन्होंने मोहिनी की लाश को फंदे से लटका दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। आसपास के इलाकों में मौजूद सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
DVR भी उखाड़ ले गए लुटेरे
ACP गाजीपुर विकास जयसवाल ने बताया कि लूट के बाद हत्या की गई है। वारदात के समय देवेंद्र नाथ घर में नहीं थे। सुबह गोल्फ खेलने के लिए गए थे। लौटे तो देखा कि घर का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर आए तो अलमारी का सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने पत्नी को आवाज दी तो कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वो अंदर पहुंचे तो देखा कि पत्नी का शव पड़ा था। शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद लुटेरे सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए हैं। जिसके बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी को भी चेक कर रही है।





