National

मेरठ MIT इंजीनियरिंग कॉलेज में तुर्की की मेहमान पर विवाद, राष्ट्रीय किसान मंच ने किया विरोध, माफी पर थमा बवाल

मेरठ, उत्तर प्रदेश । मेरठ स्थित MIT इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित एक सेमिनार उस समय विवादों में आ गया जब कार्यक्रम में तुर्की की नागरिक अयनूर खातून को बतौर मुख्य अतिथि (Chief Guest) बुलाया गया। जैसे ही यह खबर सामने आई, राष्ट्रीय किसान मंच ने कॉलेज प्रशासन और चीफ गेस्ट के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए कॉलेज परिसर में जमकर नारेबाजी और हंगामा किया।

तुर्की की नागरिक को बुलाने पर नाराजगी

विरोध कर रहे संगठन का कहना है कि तुर्की सरकार लगातार पाकिस्तान का समर्थन करती रही है, ऐसे में तुर्की की किसी भी प्रतिनिधि को भारत में सम्मान देना या मंच देना राष्ट्रीय भावना के खिलाफ है। मंच के कार्यकर्ताओं ने सेमिनार स्थल पर पहुँचकर “तुर्की मुर्दाबाद”, “कॉलेज प्रशासन होश में आओ” जैसे नारे लगाए और MIT कॉलेज का बहिष्कार करने की चेतावनी दी।

कॉलेज प्रशासन ने मांगी माफी

स्थिति बिगड़ती देख कॉलेज प्रशासन को सामने आकर लिखित माफी मांगनी पड़ी। कॉलेज ने अपने माफीनामे में कहा कि अतिथि के चयन का उद्देश्य केवल शैक्षणिक और तकनीकी आदान-प्रदान था, जिसका किसी राजनीतिक या वैचारिक एजेंडे से कोई संबंध नहीं था।

पाकिस्तान समर्थक टर्की को भारत में विरोध

विरोध करने वालों का स्पष्ट कहना है कि पाकिस्तान समर्थक देशों को भारत की ज़मीन पर मंच नहीं दिया जाना चाहिए। हाल के वर्षों में तुर्की द्वारा पाकिस्तान का खुलेआम समर्थन करने पर भारत में कई बार नाराजगी जताई गई है। अब यह विरोध कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों तक पहुँच चुका है, जो अपने अतिथि चयन में अधिक सावधानी बरतने के लिए मजबूर हो रहे हैं।

सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं

इस घटना की जानकारी सामने आते ही सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई यूजर्स ने कॉलेज प्रशासन से जवाब मांगते हुए सवाल उठाए कि आखिर क्यों एक ऐसे देश से मेहमान बुलाया गया जो भारत विरोधी नीति अपनाता रहा है।

Related Articles