सिमरी बख्तियारपुर के सिसौनी गांव के मनोज सिंह बने रेलवे बोर्ड के सदस्य, कोसी क्षेत्र में खुशी की लहर
सहरसा। जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड के लिए शनिवार का दिन गौरवपूर्ण रहा। प्रखंड क्षेत्र की काठो पंचायत स्थित सिसौनी गांव निवासी और भारतीय रेल के वरिष्ठ अधिकारी मनोज सिंह को केंद्र सरकार ने रेलवे बोर्ड में सदस्य (संचालन एवं व्यवसाय विकास) के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (ACC) ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी प्रदान कर दी है।
मनोज सिंह की इस बड़ी उपलब्धि से सिमरी बख्तियारपुर सहित पूरे कोसी क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए उन्हें बधाई दी है।
1989 बैच के IRTS अधिकारी हैं मनोज सिंह
कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, मनोज सिंह वर्ष 1989 बैच के इंडियन रेलवे ट्रैफिक सर्विस (IRTS) अधिकारी हैं। वह वर्तमान में रेलवे बोर्ड में अतिरिक्त सदस्य (विपणन एवं व्यवसाय विकास) के पद पर कार्यरत थे।
रेलवे क्षेत्र में लंबे प्रशासनिक अनुभव और व्यवसायिक रणनीति की समझ के आधार पर उन्हें रेलवे बोर्ड के इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रेल संचालन और व्यवसाय विकास की होगी अहम जिम्मेदारी
रेलवे बोर्ड में सदस्य (संचालन एवं व्यवसाय विकास) का पद भारतीय रेल के शीर्ष प्रबंधन पदों में शामिल है। इस जिम्मेदारी के तहत मनोज सिंह देशभर में रेल संचालन व्यवस्था, यात्री सुविधाओं के विस्तार, माल परिवहन को मजबूत करने, राजस्व वृद्धि और व्यावसायिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में भूमिका निभाएंगे।
भारतीय रेल देश का सबसे बड़ा परिवहन नेटवर्क है और इसके संचालन व व्यवसायिक विस्तार से जुड़े फैसलों में रेलवे बोर्ड की भूमिका बेहद अहम होती है।
पैतृक गांव सिसौनी में जश्न का माहौल
मनोज सिंह की नियुक्ति की जानकारी मिलते ही उनके पैतृक गांव सिसौनी में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की।
ग्रामीणों का कहना है कि एक सामान्य ग्रामीण परिवेश से निकलकर भारतीय रेल के शीर्ष प्रबंधन तक पहुंचना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मनोज सिंह की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
विधायक समेत लोगों ने दी बधाई
सिमरी बख्तियारपुर विधायक संजय कुमार सिंह ने मनोज सिंह को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मनोज सिंह के अनुभव का लाभ क्षेत्र के रेल विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार में भी मिलेगा।
वहीं, सिसौनी गांव के निवासी किशोर कुमार सिंह, अशोक सिंह, लक्ष्मीनारायण सिंह, बलराम सिंह सहित कई लोगों ने मनोज सिंह को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी नियुक्ति आदेश की प्रति रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सहित प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) और कैबिनेट सचिवालय को भी भेजी गई है।