
चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 3 दिसंबर को चंडीगढ़ दौरे से पहले मंगलवार सुबह शहर के सेक्टर-26 इलाके में दो प्रमुख क्लबों के बाहर जोरदार धमाके हुए। इन धमाकों की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली है, और गोल्डी बराड़ ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस घटना को स्वीकार किया है। पोस्ट में गोल्डी बराड़ ने धमाकों को प्रोटेक्शन मनी न देने के कारण हुए हमले के रूप में बताया।
धमाके सेविले बार एंड लाउंज और डिओरा क्लब के बाहर हुए, जहां क्लब के शीशे टूट गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सेविले बार एंड लाउंज के मालिकों में मशहूर रैपर बादशाह भी शामिल हैं। गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पोस्ट में धमाकों की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि क्लब मालिकों से प्रोटेक्शन मनी के लिए संपर्क किया गया था, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। गोल्डी ने पोस्ट में यह चेतावनी भी दी कि जिन लोगों ने उनकी कॉल्स को नजरअंदाज किया है, उनके लिए इससे भी बड़ा हमला हो सकता है।
पुलिस की जांच और एक्सटॉर्शन एंगल
पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच में यह सामने आया कि बम फेंकने वाले आरोपी बाइक पर आए थे और धमाके में इस्तेमाल बमों में कील और ज्वलनशील पदार्थ भरा हुआ था। पुलिस का मानना है कि इन बमों में देसी बम (सुतली बम) का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस अब इस मामले में एक्सटॉर्शन एंगल पर भी जांच कर रही है, क्योंकि यह संभावना जताई जा रही है कि लॉरेंस गैंग ने क्लब मालिकों से पैसों की उगाही करने के लिए यह धमाके किए।
चंडीगढ़ पुलिस इस मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए आरोपियों की तलाश कर रही है, और धमाकों के बाद से सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।





