
स्वाति मालीवाल ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के वक्त गायब होने के आरोप को बताया गलत
नई दिल्ली,। दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और उनके जेल जाने के वक्त आम आदमी पार्टी के दो नेताओं की गैरमौजूदगी राजनीतिक हल्कों में चर्चा का विषय बनी थी। दोनों ही राज्यसभा सांसद हैं एक स्वाति मालीवाल तो दूसरे राघव चड्ढा। उनकी गैरमौजूदगी ने अटकलों का बाजार गर्म कर दिया था।
आप ने अपने नेता के लड़ाई लड़ी और सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई। अरविंद केजरीवाल जेल से बाहर आए और उनसे मिलने स्वाति मालीवाल सीएम हाउस गईं तो वहां केजरीवाल के पीए बिभव कुमार ने कथित तौर पर महिला सांसद की पिटाई कर दी। इस मामले में बिभव कुमार जेल में बंद हैं।
अब राज्यसभा सांसद ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के वक्त अपनी गैरमौजूदगी की वजह बताई है। स्वाति मालीवाल ने कहा कि मार्च में वह अमेरिका में हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के एक सेमिनार में हिस्सा लेने गई थीं। स्वाति ने कहा कि वह अमेरिका में हार्वर्ड के एक कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेने और आप स्वयंसेवकों की तरफ से आयोजित कई मीट ऐंड ग्रीट कार्यक्रमों में शिरकत के लिए गई थी। उनकी बहन वहां रहती है और उसे कोरोना हो गया था। उनका सारा सामान उसके यहां था। फिर उन्हें भी क्वारंटीन होना पड़ा। स्वाति मालीवाल ने दावा किया कि अमेरिका में रहने के बावजूद वह लगातार भारत में अपनी पार्टी नेताओं के संपर्क में थीं। उन्होंने कहा कि वह ट्वीट कर रही थीं और पार्टी नेताओं से बात कर रही थी। उस समय वह जो कर सकती थी, उन्होंने सब किया। इसलिए ये कहना गलत है कि उस समय वह पार्टी के साथ नहीं थी, काम नहीं कर रही थी।
अरविंद केजरीवाल के घर पर कथित पिटाई से क्षुब्ध स्वाति ने ये भी दावा किया कि राघव चड्ढा के साथ अलग तरह का सलूक किया गया। केजरीवाल की गिरफ्तारी के वक्त चड्ढा अपनी आंख के ऑपरेशन के लिए ब्रिटेन में गए हुए थे। वह हाल ही में भारत लौटे हैं। वह चुनाव प्रचार कर रहे हैं। केजरीवाल के साथ कई रैलियों में हिस्सा भी ले चुके हैं। मालीवाल ने कहा कि वह वास्तव में ये समझना चाहती हैं कि मेरे साथ ऐसा सलूक क्यों किया गया जबकि उस वक्त लंदन में रहे राघव के आने पर रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत किया गया।



