
छपरा । सारण हिंसा मामले में बिहार सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। दरअसल, छपरा के एसपी गौरव मांगला का तबादला कर दिया गया है। वहीं अब उनकी जगह रेल एसपी मुजफ्फरपुर कुमार आशीष को छपरा का एसपी बनाया गया है। गृह विभाग की तरफ से तबादले की अधिसूचना जारी कर दी गई है। चुनाव आयोग के निर्देश पर बिहार सरकार ने यह कार्रवाई की है।
गौरतलब है कि सारण लोकसभा सीट के लिए 5वें चरण की वोटिंग में झड़प और बवाल के बाद 21 मई की सुबह फिर आरजेडी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई थी। इस झड़प ने हिंसक रूप ले लिया था और गोलीबारी की घटना घट गई थी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसके बाद हिंसक झड़प के दौरान इस्तेमाल की गई बंदूक को पुलिस ने बरामद कर लिया था। वहीं, बीजेपी ने रोहिणी आचार्य पर अपने समर्थकों के संग बूथ लूटने के कोशिश करने का आरोप लगाया था।
इसके बाद पुलिस ने सारण में चुनावी हिंसा को लेकर प्रत्याशी और लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के खिलाफ 2 केस दर्ज किया। एक केस बीजेपी कार्यकर्ता मनोज सिंह के नाम से नगर थाना में दर्ज करवाया गया। दूसरा मामला जिला प्रशासन की तरफ से सदर अंचलाधिकारी आँचल कुमारी ने छपरा नगर थाने में लिखवाया ।



