National Youth Party will contest elections in MP : मध्यप्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी नेशनल यूथ पार्टी

- मध्यप्रदेश की जनता को भाजपा और कांग्रेस ने हमेशा छला, नेशनल यूथ पार्टी बनेगी विकल्प
National Youth Party will contest elections in MP : देश की राजनीति में तेजी से जड़े जमा रही नेशनल यूथ पार्टी ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर रोडमैप तैयार कर लिया है। पार्टी मध्यप्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार सिंह, प्रदेश प्रभारी —- और प्रदेशाध्यक्ष मोनू कुशवाह ने भोपाल में संयुक्त प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि भाजपा और कांग्रेस ने मध्यप्रदेश की जनता को हमेशा से छला है। प्रदेश में आदिवासियों, अजा वर्ग और पिछड़ा वर्ग के लोगों के ऊपर अत्याचार किए जा रहे हैं। युवाओं को रोजगार नहीं है। अब चुनाव आए तो भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल मध्यप्रदेश के भोले-भाले लोगों को गुमराह करने के लिए लुभावनी बातें कर रहे हैं। प्रदेश की सत्ता पर आजादी के बाद से राज करने के दौरान दोनों दलों ने कभी जनता की सुध नहीं ली। अब मध्यप्रदेश के लोग विकल्प के तौर पर नेशनल यूथ पार्टी की ओर देख रहे हैं।
सर्वजन का विकास, युवाओं को रोजगार देंगे:
राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि नेशनल यूथ पार्टी मध्यप्रदेश में पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी। 50 से ज्यादा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का चयन अंतिम दौर में है, जल्द ही इनके नामों की घोषणा कर दी जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि नेशनल यूथ पार्टी 150 से ज्यादा सीटें जीतकर प्रदेश में जनता की सरकार बनाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में सर्वजन का विकास होगा। सभी समाज, वर्ग के लोगों के हितों का ध्यान रखा जाएगा। युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। प्रदेश में आम मूलभूत सुविधाएं बिजली, पानी और सड़क को बढ़ाया जाएगा। बच्चों को रोजगार मूलक शिक्षा व्यवस्था मुहैया कराई जाएगी। शिक्षा सस्ती कराई जाएगी, ताकि गरीब के बच्चे भी पढ़ लिखकर अफसर बनें, अपना और देश, प्रदेश का भविष्य बनें। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों ही दलों में वे लोग हैं, जो सत्ता में बने रहना चाहते हैं। यह लोग कभी भी देश ओर प्रदेश का विकास नहीं चाहते हैं।