man ki baat : भारत के सामर्थ्य का साक्षी बनने जा रहा सितंबर का महीना : मोदी

पीएम ने मन की बात के 104वें एपिसोड में जी-20 समिट को लेकर की चर्चा
New Dehli man ki baat : रविवार को मासिक रेडियो शो ‘मन की बात’ के 104वें एपिसोड में पीएम नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने डेयरी उद्योग से मन की बात कार्यक्रम की शुरुआत की। पीएम मोदी ने कहा कि सितंबर का महीना भारत के सामर्थ्य का साक्षी बनने जा रहा है। मोदी ने कहा कि आज ऐसे बहुत से लोग हैं, जो डेयरी को अपना कर इसे डायवर्सिटी कर रहे हैं। राजस्थान के कोटा में डेयरी फार्म चला रहे अमनप्रीत सिंह का उदाहरण देते हुए पीएम ने कहा कि उन्होंने डेयरी के साथ बायोगैस पर भी फोकस किया और दो बायोगैस प्लांट लगाए। इससे बिजली पर होने वाला उनका खर्च करीब 70 प्रतिशत कम हुआ है। इनका यह प्रयास देशभर के डेयरी किसानों को प्रेरित करने वाला है। पीएम ने कहा कि आज कई बड़ी डेयरी, बायोगैस पर फोकस कर रही हैं। इस प्रकार के समुदाय आधारित वैल्यू एडिशन बहुत उत्साहित करने वाले हैं। मुझे विश्वास है कि देशभर में इस तरह के ट्रेंड निरंतर जारी रहेंगे।
संस्कृत को सबसे प्राचीन भाषा होने का श्रेय
पीएम ने कहा कि संस्कृत दुनिया की सबसे प्राचीन भाषाओं में से एक है। इसे कई आधुनिक भाषाओं की जननी भी कहा जाता है। आज लोगों में संस्कृत को लेकर जागरूकता और गर्व का भाव बढ़ा है। इसके पीछे बीते वर्षों में देश का विशेष योगदान भी है। पीएम मोदी ने कहा कि हमारी संस्कृति से जुड़ने की, हमारी परम्परा का बहुत बड़ा सशक्त माध्यम होती है हमारी मातृभाषा। ऐसे ही भारत की एक और मातृभाषा है, गौरवशाली तेलुगू भाषा। उन्होंने कहा कि 29 अगस्त को तेलुगू दिवस मनाया जायेगा। आप सभी को तेलुगू दिवस की बहुत-बहुत बधाई।
जी-20 से दुनियाभर के लोगों तक पहुंची आवाज
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि अपनी प्रेसीडेंसी के दौरान भारत ने जी-20 को और ज्यादा इंक्लूसिव फोरम बनाया है। भारत के निमंत्रण पर ही अफ्रीकन यूनियन भी जी-20 से जुड़ी और जहां अफ्रीका के लोगों की आवाज दुनिया के इस अहम मंच तक पहुंची। वहीं इस मंच के माध्यम से दुनियाभर में लोगों की आवाज भी पहुंची। देश के 60 शहरों में इससे जुड़ी करीब-करीब 200 बैठकों का आयोजन किया गया। जी-20 के प्रतिनिधि जहां भी गए, वहां लोगों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस बार 15 अगस्त के दौरान देश ने ‘सबका प्रयास’ का सामर्थ्य देखा। सभी देशवासियों के प्रयास ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को वास्तव में ‘हर मन तिरंगा अभियान’ बना दिया।
दिल्ली में होगी ऐतिहासिक भागीदारी
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि दिल्ली में दुनिया के लोगों की ऐतिहासिक भागीदारी होने जा रही है। उन्होंने कहा कि सितम्बर का महीना, भारत के सामर्थ्य का साक्षी बनने जा रहा है। अगले महीने होने जा रही जी-20 बैठक के लिए भारत पूरी तरह से तैयार है। इस आयोजन में भाग लेने के लिए 40 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और अनेक ग्लोबली आर्गेनाइजेशन राजधानी दिल्ली आ रहे हैं। जी-20 बैठक के इतिहास में ये अब तक की सबसे बड़ी भागीदारी होगी।अपनी प्रसिडेंसी के दौरान भारत ने जी-20 को और ज्यादा इंक्लूसिव फोरम बनाया है। भारत के निमंत्रण पर ही अफ्रीकन यूनियन भी जी-20 से जुड़ी और अफ्रीका के लोगों की आवाज दुनिया के इस अहम जगहि तक पहुंची।
अंतरिक्ष को भी चुनौती दे रही भारत की बेटियां
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की बेटियां अब अनंत समझे जाने वाले अंतरिक्ष को भी चुनौती दे रही हैं। किसी देश की बेटियाँ जब इतनी आकांक्षी हो जाएं, तो उसे, उस देश को, विकसित बनने से भला कौन रोक सकता है! पीएम मोदी ने कहा कि 23 अगस्त को भारत ने और भारत के चंद्रयान ने ये साबित कर दिया है कि संकल्प के कुछ सूरज चांद पर भी उगते हैं। मिशन चंद्रयान नए भारत की उस स्पिरिट का प्रतीक बन गया है, जो हर हाल में जीतना चाहता है, जीतना जानता भी है। भारत का मिशन चंद्रयान, नारीशक्ति का भी जीवंत उदाहरण है। इस पूरे मिशन में अनेकों महिला साइंटिस्ट व इंजिनियर सीधे तौर पर जुड़ी रही हैं। इन्होंने अलग-अलग कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं।