Former CM Chandrababu Naidu jailed for 14 days : भ्रष्टाचार मामले में आंध्रप्रदेश के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू को 14 दिनों के लिए जेल भेजा
Former CM Chandrababu Naidu jailed for 14 days : कथित भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष एवं आंध्रप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को 14 दिनों के लिए जेल भेज दिया गया है। नायडू को भ्रष्टाचार के कथित मामले में गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद रविवार सुबह यहां भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की एक अदालत के समक्ष पेश किया गया। नायडू को शनिवार देर रात तीन बजकर 40 मिनट पर चिकित्सकीय जांच के लिए विजयवाड़ा के सरकारी जनरल अस्पताल ले जाया गया था। इससे पहले, उनसे यहां कुंचनपल्ली स्थित सीआईडी के विशेष जांच दल (एसआईटी) कार्यालय में लगभग 10 घंटे तक पूछताछ की गई थी।
करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार तेदेपा प्रमुख एन। चंद्रबाबू नायडू की रिमांड पर अदालत का फैसला आने से पहले आंध्र प्रदेश पुलिस ने किसी भी प्रतिकूल स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। विजयवाड़ा शहर में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
सीआईडी के दल ने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को शनिवार सुबह करीब छह बजे नंदयाल शहर के ज्ञानपुरम स्थित आर के फंक्शन हॉल के बाहर से गिरफ्तार किया था। नायडू को उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वह सभी सुविधाओं से लैस अपनी बस में सो रहे थे। आंध्र प्रदेश पुलिस ने कथित कौशल विकास निगम घोटाले में नायडू को शनिवार को ‘मुख्य षड्यंत्रकारी बताया था। ऐसा आरोप है कि इस कथित घोटाले से राज्य सरकार को 300 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।