
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री बिपाशा बसु अपनी फैमिली टाइम का आनंद लेते हुए सोशल मीडिया पर अपने फैंस को अपडेट देना कभी नहीं भूलतीं। हाल ही में, बिपाशा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर छुट्टियों की कुछ झलकियां साझा कीं, जिसमें वह अपने पति करण सिंह ग्रोवर और बेटी देवी के साथ स्विमिंग पूल में मस्ती करती नजर आईं। इस दौरान, उन्होंने अपनी नन्ही परी के एक खास शौक का खुलासा किया – जूतों का प्यार।
बिपाशा ने बताया कि उनकी बेटी देवी को जूते पहनने का बहुत शौक है। एक वीडियो में देवी अपने पिता करण के बड़े जूतों को पहनने की कोशिश कर रही थी, जिसे देखकर बिपाशा उसे प्यार से समझा रही थीं कि ये जूते अभी उसके लिए बहुत बड़े हैं। इस प्यारी बातचीत को शेयर करते हुए बिपाशा ने लिखा, “मेरी छोटी परी से बिना रुके बातें… उसे जूतों का शौक पहले से ही हो गया है।”
इसके बाद, बिपाशा ने अपने पति करण के साथ एक रोमांटिक फोटो भी साझा की और करण का एक मजेदार वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह स्विमिंग पूल में पानी के छींटे उड़ा रहे थे। करण ने मजाक में कहा, “जब आपको लगता है कि आप स्टाइलिश पोज दे रहे हैं, लेकिन वह वीडियो बन जाता है।” इस पर बिपाशा ने हंसते हुए जवाब दिया, “मैंने सबसे प्यारा वीडियो बना लिया।”
बिपाशा और करण ने साल 2016 में शादी की थी, और नवंबर 2022 में उनके घर बेटी देवी का जन्म हुआ था। बिपाशा ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 2001 में अक्षय कुमार के साथ फिल्म अजनबी से की थी, जिसमें उन्होंने नकारात्मक भूमिका निभाई थी। इसके बाद उन्हें 2002 में विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म राज से पहचान मिली।
बिपाशा ने जिस्म, धूम 2, नो एंट्री, राज 3, रेस जैसी हिट फिल्मों में काम किया। उन्हें आखिरी बार क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज डेंजरस में देखा गया था। वहीं, करण सिंह ग्रोवर टीवी और फिल्मों दोनों में अपनी जगह बना चुके हैं। वह कितनी मस्त है जिंदगी, दिल मिल गए, क़ुबूल है, और कसौटी जिंदगी की 2 जैसे चर्चित टीवी शो का हिस्सा रहे हैं।
करण को हाल ही में ऋतिक रोशन, दीपिका पादुकोण, और अनिल कपूर के साथ फिल्म फाइटर में देखा गया था, जहां उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों का ध्यान खींचा।
बिपाशा और करण की इस प्यारी फैमिली टाइम की झलकियां उनके फैंस को खूब पसंद आ रही हैं, और उनके फैंस बेसब्री से उनके आगे के अपडेट्स का इंतजार कर रहे हैं।