digambar Jain mandir : कुंडलपुर कमेटी और बजरंग दल की सफाई के बाद हटाया ट्वीट

Damoh kundalpur digambar Jain mandir : दमोह जिले के पटेरा स्थित दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र कुंडलपुर परिसर में शनिवार रात बजरंग दल के कथित असामाजिक तत्वों द्वारा उत्पात मचाए जाने की खबर का रविवार को कुंडलपुर कमेटी और बजरंग दल ने खंडन किया है। इनके खंडन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अपना ट्वीट हटा लिया है। जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और डीजीपी को ट्वीट करते हुए लिखा, था कि श्री दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र कुंडलपुर परिसर (दमोह) में शनिवार रात को बजरंग दल के कथित असामाजिक तत्वों ने उत्पात किया हैं। स्थिति कभी भी गंभीर मोड़ ले सकती है। यह गंभीर विषय है। प्रशासन तत्काल कार्रवाई करें। आरोप लगाया गया था कि पटेरा बजरंग दल के कथित असामाजिक तत्वों ने कुंडलपुर परिसर में बने तालाब के पास उत्पात मचाया। जैन सिद्ध क्षेत्र में बलपूर्वक कब्जे की कोशिश की।
-संयुक्त रूप से किया खंडन
पूर्व मुख्यमंत्री के आरोप के बाद कुंडलपुर कमेटी और बजरंग दल ने संयुक्त रूप से पत्रकारवार्ता कर कहा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ है। कुछ असमाजिक तत्व शराब के नशे में परिसर में प्रवेश किया था, जिन्हें वहां से भगा दिया गया। जैसे ही घटना का खंडन हुआ दिग्विजय सिंह ने अपना ट्वीट हटा लिया।
-लाखों भक्तों की श्रद्धा का केंद्र है मंदिर
दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र कुंडलपुर मध्यप्रदेश में जैनियों का एक बड़ा तीर्थ स्थान है। यहाँ देश भर से लाखों श्रद्धालु दर्शन करने आते है। कुण्डलपुर मंदिर में भगवान आदिनाथ (बड़े बाबा) की सबसे प्राचीन 15 फुट ऊँची पद्मासन मुद्रा में प्रतिमा स्थापित है। शिलालेख के अनुसार विक्रम संवत् 1757 में यह मंदिर भट्टारक सुरेन्द्रकीर्ति द्वारा खोजा गया था। दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र कुंडलपुर की दिव्यता और भव्यता के चलते लाखों भक्तों की श्रद्धा का केंद्र है। यहाँ 500 फीट ऊंची पहाड़ी पर 189 फीट ऊंचे जैन मंदिर का निर्माण पर लगभग 1500 करोड़ रुपए खर्च किये गए हैं। पत्थरों से बने इस मंदिर पर दिलवाड़ा और खजुराहो की तर्ज पर नक्काशी की गई है। 16 वर्षो से चल रहे निर्माण के बाद 16 फरवरी 2022 पंचकल्याणक महामहोत्सव का आयोजन किया गया था। जिसमें देश भर से 20 लाख श्रद्धलुओं पहुंचे थे।