Business

अडानी को एक दिन में दो बड़े झटके, केन्या सौदा भी हुआ रद्द

नई दिल्ली। ऐसा लगता है कि गौतम अडानी पर शनि की “टेढ़ी नजर” पड़ चुकी है। एक ही दिन में दो बड़े झटकों से उनका साम्राज्य डगमगा सकता है। सुबह जहां अमेरिका से जुड़ी रिश्वतकांड की खबरों के बाद अडानी समूह के शेयर बाजार में भारी गिरावट आई, वहीं शाम होते-होते केन्या से भी बुरी खबर आई।

केन्या में अडानी सौदा रद्द

केन्या के राष्ट्रपति विलियम रुटो ने ऐलान किया कि उनके देश ने अडानी समूह के साथ किया गया महत्वपूर्ण सौदा रद्द कर दिया है। यह सौदा मुख्य हवाई अड्डे के विस्तार और बिजली ट्रांसमिशन लाइन से जुड़ा हुआ था। राष्ट्रपति रुटो ने कहा कि यह फैसला देश की बेहतरी के लिए लिया गया है।

अमेरिका से रिश्वतकांड के आरोप

अडानी समूह को अमेरिका से रिश्वत के आरोपों का सामना करना पड़ा है, जिससे समूह के शेयरों में भारी गिरावट आई है। इन आरोपों ने अडानी समूह की छवि को भी नुकसान पहुंचाया है, और शेयर बाजारों में उनकी कंपनी की वैल्यू गिरने लगी है।

राहुल गांधी का पीएम मोदी पर हमला

इस पूरे विवाद के बीच भारतीय राजनीति में भी हलचल मच गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि पीएम मोदी हमेशा अडानी समूह को बचाते रहे हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अडानी से अपने रिश्तों को लेकर हमेशा पारदर्शी नहीं रहे हैं।

अडानी समूह की सफाई

इन आरोपों पर अडानी समूह ने अपनी सफाई दी है और कहा है कि यह सभी आरोप गलत हैं। समूह ने दावा किया कि वह “सभी संभव कानूनी उपाय” तलाशेगा और इन आरोपों का सामना करेगा।

गौतम अडानी के लिए यह दिन निश्चित तौर पर चुनौतीपूर्ण साबित हो रहे हैं, और उनके सामने इस संकट से उबरने की बड़ी परीक्षा होगी।

Related Articles