इंदौर । देश के प्रसिद्ध अधिवक्ता और राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा सोमवार को दावा किया कि मप्र में एक बार फिर एंटी इनकंबेंसी देखी जा रही है। इंटेलिजेंस ब्यूरो के द्वारा किए गए सर्वे में भाजपा को सिर्फ 60 से 70 सीट मिलने की उम्मीद है और एक बार फिर कांग्रेस मप्र में सरकार बनाती हुई दिख रही है। लोग अब थक चुके हैं। वोटर अब नए चेहरे और नए लोग चाहता है। जो पार्टी नए चेहरे और अच्छे चेहरे देगी उसे जनता चुनेगी। जन आक्रोश यात्रा पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का ये आरोप गलत है कि कांग्रेस के खिलाफ जनता का आक्रोश है। हमें काम करने का मौका ही कहा मिला। आक्रोश तो भाजपा के खिलाफ लोगों में है।
इंदौर पहुंचने पर उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए महिला आरक्षण बिल को महज एक जुमला बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने महिला आरक्षण बिल को एक इवेंट के रूप में परिवर्तित कर दिया है। जहां महिला आरक्षण बिल में कई तरह के बदलाव अभी भी जरूरी है। विवेक तन्खा ने कहा कि सन 1993 में कांग्रेस द्वारा लाए गए महिला आरक्षण बिल पर कई बदलाव की बातें की गई है लेकिन भाजपा द्वारा उसे बिल को नए तरीके से परिवर्तित कर पेश कर दिया गया। उन्होंने बताया कि यह बिल 2029 में लागू होगा। अब वो 29 में होगा कि 39 में ये ईश्वर जाने। लेकिन इसके बावजूद भी इसमें कई परिवर्तन किया जा सकते हैं। क्योंकि अभी वे कहते हैं कि सेंसेस होगा, सेंसेस के बाद डिलिमिटेशन होगा, डिलिमिटेशन के बाद रिजर्वेशन होगा। मुझे तो लगा कि ये बिल उन्होनें इसलिए पास किया के वे एक इवेंट चाहते थे और वो इवेंट उन्होंने पूरा कर लिया। महिला आरक्षण ऐसी चीज है जिसका कोई विरोध कर नहीं सकता। वही जब विरोध करते हैं और हम कहें कि ये गलत तरीके से लाया जा रहा है तो लोगों को खराब लगता है। इसलिए मैं कहना चाहता हूं कि भाजपा ने केवल रस्मअदाई की है उनका उद्देश्य महिलाओं को आरक्षण देना कभी रहा ही नहीं।