Featured

खुरई में भूप वर्सेस राजा, दिलचस्प होगा मुकाबला

गुड्डू राजा बुंदेला ने बदले बुंदेलखंड के राजनीतिक समीकरण

Mission Bhupendra Singh siege in Khurai Bhopal : शिवराज सरकार में सबसे ताकतवर मंत्री, बुंदेलखंड के कद्दावर नेता और सागर जिले के खुरई विधानसभा क्षेत्र से विधायक भूपेन्द्र (भूप+इंद्र) सिंह को लेकर छह महीने पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा था कि, यदि कांग्रेस को कोई उम्मीदवार नहीं मिला तो मैं भूपेंद्र सिंह के खिलाफ खुरई से विधानसभा चुनाव लड़ूंगा। लगता है दिग्विजय सिंह ने जो कहा, सो किया उन्होंने बुंदेलखंड के कद्दावर नेता चंद्रभूषण सिंह बुंदेला उर्फ गुड्डू राजा बुंदेला को कांग्रेस ज्वाइन कराकर खुरई में मिशन भूपेंद्र सिंह घेराबंदी का बिगुल बजा दिया है। राजनीतिक विज्ञानियों का कहना है कि एंटीकम्बेंसी तो होगी ही और यदि कांग्रेस ने गुड्डू राजा बुंदेला को खुरई में भूपेंद्र सिंह के खिलाफ चुनाव मैदान में उतार दिया, तो यह प्रदेश का सबसे दिलचस्प और भूपेंद्र के लिए अत्यंत कठिन चुनावी मुकाबला होगा।

हम बता दें, कि 1998, 2003 (2009 में सांसद रहे), 2013 और 2018 खुरई से लगातार जीतते आ रहे भूपेंद्र सिंह राजनीतिक रूप इतने ताकतवर हो चुके हैं कि, क्षेत्र का कोई भी कांग्रेसी नेता चुनाव लड़ना तो दूर, उनके सामने खड़ा होने को तैयार नहीं है। कांग्रेस के कद्दावर नेता अरूणोदय चौबे, जो कि 2008 में भूपेंद्र को शिकस्त दे चुके हैं, को तो… भूपेंद्र सिंह से परेशान होकर कांग्रेस का हाथ छोड़कर राजनीतिक वनवास के लिए मजबूर होना पड़ा। यह स्थिति कांग्रेस की है। भाजपा में भी भूपेंद्र प्रताड़ित कम नहीं हैं। बुंदेलख़ड के कद्दावर भाजपा नेता एवं शिवराज सरकार में सबसे वरिष्ठ मंत्री गोपाल भार्गव के साथ सिंधिया के सबसे खास मंत्री गोविंद राजपूत तो भूपेंद्र सिंह की राजनीतिक दादागिरी से परेशान होकर सीएम शिवराज सिंह चौहान से कह चुके हैं कि अपने करीबी भूपेंद्र सिंह को रोकिए, वर्ना बुंदेलखंड भाजपा के हाथों से चला जाएगा।

– बुंदेलखंड में कांग्रेस नई ऊर्जा मिलेगी

कांग्रेस के एक पदाधिकारी कहते हैं कि, गुड्डू राजा बुंदेला के कांग्रेस में आने से बुंदेलखंडी कांग्रेसियों में नई ऊर्जा का संचार होगा। खासतौर से खुरई विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस अब एकजुट होगी और एकजुटता से भूपेंद्र और भाजपा को हराने के मैदान में उतरेगी।

-कौन हैं गुड्डू राजा बुंदेला

चंद्रभूषण सिंह बुंदेला उर्फ गुड्डू राजा बुंदेला बुंदेलखंड की राजनीति में मजबूत पकड़ रखते हैं। झांसी, ललितपुर, सागर, बीना और खुरई में उनका खासा प्रभाव है। गुड्डू राजा की पारिवारिक पृष्ठभूमि भी राजनीतिक रही है। गुड्डू राजा बुंदेला के पिता सुजान सिंह बुंदेला झांसी(उप्र) से दो बार सांसद रहे हैं। ललितपुर की सियासत में सक्रिय रहने वाले बुंदेला अब मप्र की राजनीति में एंट्री कर चुके हैं। उन्होंने बसपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा है। माना जा रहा है कि गुड्डू राजा बुंदेला खुरई से कांग्रेस की ओर से चुनाव लड़ सकते हैं।

– खुरई में मुद्दे क्या होंगे

शिवराज सरकार के खिलाफ एंटीकम्बेंसी, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पुलिस का कठोर रवैया।

– जातीय समीकरण

सबसे ज्यादा अजा-जजा वर्ग के वोटर हैं। इनमें एक बड़ी संख्या जैन, यादव और दांगियों की है। भूपेंंद्रसिंह दांगी (ठाकुर) समाज से आते हैं।

Related Articles

Back to top button