भोपाल । जहांगीराबाद थाना इलाके में विधवा महिला के साथ परिचित ऑटो चालक ने शादी का झांसा देते हुए वेटनरी अस्पताल के पास झाड़ियों में दुष्कर्म किये जाने मामला सामने आया है। शारीरिक शोषण करने के बाद आरोपी ने उसके साथ शादी करने से इंकार कर दिया। जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया।
थाना पुलिस के मुताबिक इलाके में रहने वाली 27 वर्षीय महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके पति का करीब चार साल पहले निधन हो चुका है, तीन बच्चे है। परिवार की जिम्मेदारी उस पर होने के कारण वो लोगो के घरो में काम करने जाती है। आरोपी जीशान ऑटो चालक है, जो आते-जाते समय उसे कभी-कभी रास्ते मिल जाया करता था। इस दौरान आरोपी उसे ऑटो से छोड़ दिया करता था। आये दिन मिलना-जुलना होने के कारण उनके बीच पहचान हो गई। उसके पति की मौत की बात पता लगने पर जीशान उससे हमदर्दी जताते हुए नजदीकियॉ बढ़ाने लगा। आरोप है कि बीती 17 अक्टूबर को वह काम से वापस घर लौट रही थी। रास्ते में उसे जीशान मिला और घर छोड़ने की बात कहते हुए उसे अपने ऑटो में बैठा लिया। बातचीत के बीच आरोपी ने उससे सहानुभूति जताते हुए उससे शादी की बात कही। इसी बीच आरोपी उसे वेटनरी अस्पताल के पास झाड़ियों में ले गया और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना डाले। दुष्कर्म के बाद आरोपी ने जल्द शादी करने की बात कही। पीड़ीता को भी सहारे की तलाश थी, जिसके चलते उसने उसपर भरोसा कर लिया और उस समय शिकायत नहीं की। इसके बाद आरोपी ने एक बार फिर उसी स्थान पर ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। बाद में जब महिला ने उसपर शादी करने का दबाव डाला तब आरोपी ने उससे दूरियां बनानी शुरु कर दी। पीड़ीता के अधिक दबाव डालने पर उसने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद महिला पुलिस के पास पहुंची, जहॉ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला कायम कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।