सुबह-शाम ठंड, हवाओं का रुख बदलते ही चढ़ा पारा

भोपाल । मध्यप्रदेश का मौसम लगातार बदल रहा है। वर्तमान में पूर्वी मप्र में रात का तापमान गिरा है तो पश्चिमी हिस्से में पारे में बढ़त देखी गई। वहीं दिन का पारा पूरे प्रदेश में चढ़ा है। कुछ दिन और तापमान ऊपर ही चढ़ेगा। उत्तर से आने वाली हवाएं ठंडक बढ़ा रही हैं, तो दोपहर में हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी भी हो रहा है। इससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी भी हो जाती है। 
मौसम केंद्र की रिपोर्ट बता रही है कि बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। नर्मदापुरम संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान काफी बढ़ा। रीवा, जबलपुर, नर्मदापुरम, भोपाल और शहडोल संभाग के जिलों में तापमान सामान्य से कम रहा। अगले 24 घंटों में मौसम शुष्क बना रहेगा। 17-18 फरवरी के बाद 2-4 की वृद्धि की संभावना है। 
मौसम विभाग के आंकड़ों को देखें तो दिन का तापमान में उछाल रहा। पूर्वी मप्र में रात का पारा मामूली रूप से लुढ़का है। प्रदेश में रीवा सबसे ठंडा रहा। रीवा में 7.2, मंडला में 8.5, रायसेन में 8.6, नौगांव में 9, दतिया में 9.1, खजुराहो में 9.5, ग्वालियर में 9.7, धार में 9.8, उज्जैन में 10 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। दिन के तापमान में काफी उछाल रहा। प्रदेश में सबसे गर्म राजगढ़ रहा। राजगढ़ में 32.6 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। 

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश को प्रभावित करने वाला कोई भी सिस्टम एक्टिव नहीं है। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर भारत की तरफ से आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में रात के समय सिहरन बनी हुई है। मध्यप्रदेश में हवा का रुख बार-बार बदल रहा है। उत्तर से आने वाली हवाएं ठंडक बढ़ा रही हैं, तो दोपहर में हवा का रुख उत्तरी के उत्तर-पश्चिमी भी हो रहा है। इससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी भी हो जाती है। जानकारों की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में पाकिस्तान और उसके आसपास एक्टिव है। इस सिस्टम के कमजोर रहने के कारण अभी मौसम के मिजाज में विशेष परिवर्तन होने के आसार कम ही हैं। 

0/Post a Comment/Comments

Previous Post Next Post